चंडीगढ़ , अप्रैल 04 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार को पंचकूला, बरवाला और रायपुररानी अनाज मंडियों का दौरा कर रबी सीजन 2026-27 के तहत गेहूं और सरसों की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

श्री राणा ने मंडियों में किसानों को दी जा रही सुविधाओं, फसल सत्यापन, बिजली-पानी, साफ-सफाई और बायोमैट्रिक प्रणाली की समीक्षा की। इन मंडियों में खरीद कार्य हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा किया जा रहा है।

सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। मंत्री ने निर्देश दिये कि किसानों को 72 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाये और बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता के साथ फसल उठान में तेजी लायी जाये।

उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा, समय की बचत और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नयी व्यवस्थाएं लागू की गयी हैं। अब किसान 24 घंटे मंडी में फसल ला सकते हैं और 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर स्वयं, भूमि मालिक या पट्टेदार पंजीकरण कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित