चंडीगढ़ , जून 27 -- हरियाणा के पंचकूला पुलिस आयुक्त के पद को लेकर पिछले एक महीने से बनी असमंजस की स्थिति पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता हेमंत कुमार ने हरियाणा सरकार से आधिकारिक स्पष्टीकरण मांगा है। उनका कहना है कि 17 मई 2026 को तत्कालीन पुलिस आयुक्त शिबाश कबिराज के गुरुग्राम तबादले के बाद अब तक नए पुलिस आयुक्त की नियमित नियुक्ति या अतिरिक्त प्रभार संबंधी कोई सरकारी आदेश सार्वजनिक नहीं किया गया है।
हालांकि पंचकूला पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और हाल की प्रेस विज्ञप्तियों में आईपीएस पंकज नैन को पुलिस आयुक्त बताया जा रहा है, जबकि गृह विभाग और हरियाणा पुलिस की वेबसाइट पर इसका उल्लेख नहीं है। हेमंत कुमार ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और गृह विभाग को भेजे ज्ञापन में पूछा है कि क्या पंकज नैन को विधिवत अतिरिक्त प्रभार दिया गया है या वे केवल लिंक ऑफिसर के रूप में कार्य देख रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित