नयी दिल्ली/पंचकूला , मार्च 25 -- हरियाण में पंचकूला नगर निगम के खातों में घोटाले के आरोपों पर कोटक महिंद्रा बैंक ने बुधवार को एक स्पष्टीकरण जारी कर दावा किया कि लेनदेन में नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया है और मामले में उसने भी पुलिस के पास शिकायत दर्ज करायी है।
कोटक महिंद्रा बैंक के एक प्रवक्ता ने कहा कि पंचकूला नगर निगम से मिले निर्देशों के अनुरूप बैंक ने निगम के सावधि जमा और संबंधित बैंक खातों में त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। उन्होंने कहा, समीक्षागत राशि का एक बड़ा हिस्सा नगर निगम को हस्तांतरित दिया गया है और त्रुटियों को दूर करने की चरणबद्ध प्रक्रिया अभी जारी है।
प्रवक्ता ने बताया कि संचालन मानकों के अनुरूप और मामले की व्यापक तथा स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के लिए बैंक ने पंचकुला पुलिस के पास औपचारिक शिकायत भी दर्ज करायी है और बैंक जांच में नगर निगम, सरकारी अधिकारियों तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों का पूरा सहयोग कर रहा है।
बयान के अनुसार, बैंक ने रिकॉर्डों की अब तक की जांच में पाया है कि खाते खोलने की प्रक्रिया, केवाईसी के दस्तावेज लेने, प्राधिकृत हस्ताक्षरकर्ता बनाने और नगर निगम से प्राप्त निर्देशों में किसी तरह की खामी नहीं थी। साथ ही सभी खातों के रखरखाव और लेनदेन में प्रक्रियाओं और बैंकिंग नियमों का पूरी तरह पालन किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित