चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के पंचकूला जोन क्षेत्रीय उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की ओर से 5, 12, 19 और 27 अक्टूबर को बिजली संबंधी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। मंच एक लाख रुपये से अधिक और तीन लाख रुपये तक के वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायतों का निपटारा करेगा।

निगम के प्रवक्ता ने बताया कि पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर जिलों के उपभोक्ता इन तिथियों पर अपनी शिकायतें प्रस्तुत कर सकते हैं। सुनवाई पंचकूला सेक्टर-14 स्थित औद्योगिक प्लॉट नंबर 3 और 4, विद्युत सदन में यूएचबीवीएन मुख्यालय में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी।

प्रवक्ता के अनुसार गलत बिजली बिल, बिजली शुल्क, मीटर सिक्योरिटी, खराब मीटर और वोल्टेज संबंधी शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। बिजली चोरी, बिजली के दुरुपयोग तथा जानलेवा या गैर-जानलेवा दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों को मंच के समक्ष विचार नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित