पंचकूला , अप्रैल 26 -- हरियाणा के पंचकूला नगर निगम के महापौर चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रेखा शर्मा के बयान पर विवाद खड़ा हो गया है।
पंचकूला बिश्नोई सभा ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजन लाल पर की गयी टिप्पणी को निराधार और शर्मनाक बताया है। सभा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर संबंधित नेता से तुरंत माफी की मांग की है।
सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि श्र भजनलाल ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा, गरीबों के उत्थान और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित किया। ऐसे में उनके खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग उनकी छवि और विरासत का अपमान है। उन्होंने कहा कि भजनलाल ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की मिसाल पेश की।
सभा के प्रधान लीलू राम गोदारा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी दिवंगत नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना नैतिक रूप से गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो समर्थकों में रोष बढ़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित