पंचकूला , अगस्त 08 -- हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल में मरीजों की आवाजाही आसान बनाने के लिए 73.31 लाख रुपये की लागत से नई रोगी लिफ्ट लगाई जाएगी। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शनिवार को इसकी आधारशिला रखी। लिफ्ट लगाने का काम छह महीने के भीतर पूरा किए जाने की उम्मीद है।

राज्यपाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को साफ तौर पर कहा कि लिफ्ट लगाने के दौरान निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए और निर्माण तथा उपकरणों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि लिफ्ट में इस्तेमाल होने वाली प्रत्येक सामग्री उच्च गुणवत्ता की हो, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर राज्यपाल की पत्नी मित्रा घोष भी मौजूद रहीं।

आधारशिला रखने के बाद राज्यपाल ने अस्पताल का निरीक्षण किया और मरीजों तथा उनके तीमारदारों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, इलाज और अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में पूछा।

ओपीडी के बाहर इंतजार करने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा का मुद्दा भी निरीक्षण के दौरान सामने आया। राज्यपाल ने अस्पताल के निदेशक को ओपीडी के बाहर पर्याप्त संख्या में पंखों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि इंतजार के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

ऑपरेशन थियेटर से पेयजल और शौचालय तक देखेराज्यपाल ने अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण कर वहां लगाई गई नई मशीनों और उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने निजी कमरों और प्रतीक्षा क्षेत्र का भी जायजा लिया।

इसके अलावा मरीजों के लिए प्रतीक्षा क्षेत्र में उपलब्ध पेयजल व्यवस्था, मरीजों और तीमारदारों के शौचालय तथा इलेक्ट्रोथेरेपी कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही समग्र सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित