पटना , दिसंबर 14 -- बिहार के पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने रविवार को पटना जिला अंतर्गत निर्माणाधीन महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में बीएसआरडीसीएल की 10 प्रमुख परियोजनाओं सिक्स लेन गंगा पुल, दीदारगंज-अथमलगोल, भद्र घाट-दीदारगंज, पटना घाट क्षेत्र, जेपी गंगा पथ से जुड़े डाउन रैम्प,जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान, मंदिरी नाला, मिठापूर -महुली, सर्पेंटाइन नाला तथा पटली पथ कनेक्टिविटी की प्रगति एवं निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा की गई।साथ ही संबंधित अभियंताओं को उक्त परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर बिना गुणवत्ता से समझौता किए पूर्ण करने का निर्देश दिया ।
उल्लेखनीय है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से गंगा पथ और शहर की आंतरिक सड़कों के बीच कनेक्टिविटी और भी सुगम होगी। इसी प्रकार बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा क्रियान्वित करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान फ्लाईओवर, सर्विस रोड और ट्रैफिक मूवमेंट की समन्वित योजना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसियों को परियोजनाओं की स्वीकृत समय-सारिणी के अनुसार कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने, निर्धारित डिजाइन एवं तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा कार्यों की प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, यह स्पष्ट किया गया कि निर्माण कार्यों में उच्चतम गुणवत्ता मानकों का पालन अनिवार्य होगा और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, निर्माण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा विभागीय स्तर पर समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित