चंडीगढ़ , जून 24 -- चंडीगढ़ बैंक घोटाला मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पंकज अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
पार्टी की विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस ने राज्य सभा चुनाव के दौरान निर्वाचन अधिकारी के रूप में उनकी भूमिका को लेकर पहले लगाये गये आरोपों को दोहराते हुए सरकार पर सवाल उठाये हैं। राजस्थान के साथ जल समझौते को लेकर हुई बातचीत पर भी कांग्रेस ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को निशाने पर लिया है।
बैंक घोटाले में केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किये गये पंकज अग्रवाल को लेकर कांग्रेस ने अपनी पुरानी शिकायतें फिर सामने रखी हैं। कांग्रेस का कहना है कि राज्य सभा चुनाव के दौरान पंकज अग्रवाल की भूमिका को लेकर उसने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। पार्टी ने उन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। अब गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेताओं ने अपने आरोपों को फिर से उठाना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा और विधायक आफताब अहमद ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के समय उठाये गये सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उधर, राजस्थान के साथ जल समझौते को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के बीच हुई बातचीत को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि पानी पर हरियाणा का पहला अधिकार है और राज्य के किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार पर्याप्त पानी मिलना चाहिए।
कांग्रेस का कहना है कि वह आने वाले दिनों में इन दोनों मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। राजनीतिक जानकारों के अनुसार राज्यसभा चुनाव विवाद और जल बंटवारे का मुद्दा हरियाणा की राजनीति में अहम महत्व रखता है, इसलिए इन पर सियासी घमासान जारी रहने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित