नीमच , जून 02 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की डॉ. मोहन यादव सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वर्ष 2028 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

पत्रकार वार्ता में पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी प्रकार के दबाव या दमन के आगे नहीं झुकेंगे और किसानों, गरीबों, बेरोजगार युवाओं तथा महिलाओं के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में प्रदेश में ''किसान के बेटों की सरकार'' और कांग्रेस की जनहितैषी सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में मंडल और ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य संगठन को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है। पटवारी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में किए गए कई वादे पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आर्थिक असमानता, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में संपत्ति का बड़ा हिस्सा सीमित लोगों के हाथों में सिमटता जा रहा है, जबकि बड़ी आबादी आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का सरकारी राशन पर निर्भर होना आर्थिक स्थिति को दर्शाता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए पटवारी ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएगी और जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित