भोपाल , अक्टूबर 08 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर बालाजी छोले-भटूरे की दुकान में सिलेंडर में ब्लास्ट के बाद आग भड़क गई। आग की लपटें करीब 25 फीट तक उठीं और धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। आग की चपेट में पांच-छह दुकानें और 10-12 रेहड़ियां आ गईं।

आग लगने के समय दुकान में करीब 50-60 लोग मौजूद थे। आग फैलने पर आम्रपाली रेस्टोरेंट के संचालक पवन अग्रवाल सहित तीन लोग पहली मंजिल से नीचे कूद गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। आग से बचने के लिए उन्होंने और उनके साथियों ने यह कदम उठाया।

दमकल की 15 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए एक दुकान की दीवार भी तोड़ी गई। आग बालाजी छोले-भटूरे की दुकान से फैलकर कुर्ता-पायजामा, मोबाइल, बर्तन और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों तक पहुंची। दुकानदारों के मुताबिक दुकानों में दीपावली का स्टॉक भरा था, जिसके जलने से भारी नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शी निलेश पाटिल के अनुसार भटूरे तलते समय अचानक आग भड़की और ऊपर लगे बैनर ने भी आग पकड़ ली। सामने की दुकान के संचालक संजय कुमार जैन ने बताया कि उन्होंने नगर निगम की दमकल को सूचना दी थी और उनके अनुसार करीब आधे घंटे बाद दमकल वाहन पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि न्यू मार्केट चौराहे पर अतिक्रमण और मंदिर के सामने जाम के कारण दमकल वाहनों को अंदर पहुंचने में परेशानी हुई।

आग के बाद व्यापारियों ने महापौर और विधायक सबनानी के समक्ष न्यू मार्केट में अतिक्रमण को लेकर विरोध जताया। विधायक ने कहा कि घटना सबक है और जल्द ही न्यू मार्केट को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। बालाजी छोले-भटूरे की दुकान खेड़ापति हनुमान मंदिर के पीछे स्थित है और दुकान तथा मंदिर के बीच दीवार होने से आग मंदिर तक नहीं पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के बाद दुकान और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी, ताकि आग दोबारा न भड़के।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित