टिहरी , अगस्त 13 -- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून की ओर से न्यू टिहरी में 14 और 15 अगस्त को विशेष फोटो प्रदर्शनी एवं एकीकृत संचार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी 14 अगस्त को करेंगे। कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
'हर घर तिरंगा' अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को न्यू टिहरी में सीबीसी के प्रचार वाहन को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले में अभियान के तहत चल रही गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रगौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने न्यू टिहरी में आयोजित होने वाली फोटो प्रदर्शनी की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 'हर घर तिरंगा', 'वंदे मातरम्' और 'विभाजन की विभीषिका' जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी के माध्यम से देश की स्वतंत्रता यात्रा, राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रभक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को आमजन के सामने रखा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित