नयी दिल्ली , अक्टूबर 20 -- अभियांत्रिकी निर्यात संवर्द्धन परिषद (ईईपीसी) इंडिया ने मंगलवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) लागू होने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे इंजीनियरिंग क्षेत्र के लिए नए अवसर खुले हैं।
ईईपीसी इंडिया के चेयरमैन पंकज चड्ढा ने जारी बयान में कहा, "भारतीय इंजीनियरिंग के लिए न्यूजीलैंड एक अपेक्षाकृत छोटा बाजार है, लेकिन इसमें काफी संभावनाएं हैं।" उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले पांच साल में न्यूजीलैंड को होने वाला इंजीनियरिंग निर्यात दोगुना हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड को होने वाला भारत का इंजीनियरिंग निर्यात 2024-25 में 12.98 करोड़ डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 14.05 करोड़ डॉलर हो गया है, जो लगातार विकास की गति को दर्शाता है। न्यूजीलैंड को निर्यात की जाने वाली प्रमुख इंजीनियरिंग वस्तुओं में ऑटोमोबाइल, डेयरी क्षेत्र के लिए औद्योगिक मशीनरी, चिकित्सा और वैज्ञानिक उपकरण, कार्यालय के उपकरण, तथा लोहा और इस्पात उत्पाद शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित