हैमिल्टन , नवंबर 01 -- ऐडम मिल्ने (चार विकेट) के बाद टिम साइफर्ट ( 93) और ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 65) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने रविवार को पांचवें टी-20 मुकाबले में भारत को 12 गेंदें शेष रहते सात विकेट से हरा दिया। हालांकि भारत ने पांच मैचों की यह सीरीज 3-2 से अपने नाम की।

192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड को पहला झटका दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने फिन ऐलन (दो) को आउट कर दिया। इसके बाद डैरिल मिशेल ने टिम साइफर्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़े। नौवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने डैरिल मशेल (29) को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद शतक की ओर बढ़ रहे टिम साइफर्ट को नीतीश कुमार रेड्डी ने अपना शिकार बना लिया। साइफर्ट ने 50 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 93 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। ग्लेन फिलिप्स ने 38 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 65 रनों की मैच विजयी पारी खेली। बेवन जैकब्स एक रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, वरूण चक्रवर्ती और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां इशान किशन (61), कप्तान श्रेयस अय्यर (50) और नमन धीर (33) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य दिया था।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 19 रन पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिये। अभिषेक शर्मा (एक) और संजू सैमसन चार रन बनाकर आउट हुये। दोनों ही बल्लेबाजों को ऐडम मिल्ने ने आउट किया। इसके बाद इशान किशन और श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने पारी को संभाला तथा तेजी के साथ रन भी बटोरे। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट लिए 93 रनों की साझेदारी हुई। 11वें ओवर में ब्लेयर टिकनर ने इशान किशन को आउट कर साझेदारी का अंत किया। इशान किशन ने 32 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 61 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में मिल्ने ने अपना अर्धशतक पूरा कर चुके श्रेयस अय्यर का शिकार कर लिया। श्रेयस अय्यर ने 23 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 50 रन बनाये। उन्हें नेथन स्मिथ ने आउट किया। तिलक वर्मा छह रन बनाकर आउट हुये।

इसके बाद नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी की जोड़ी ने मोर्चा संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। 19वें ओवर में टिकनर ने नमन धीर 23 गेंदों में 33 रन को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। पारी के आखिरी ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में 17 गेंदो में 22 रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर में भुवनेश्वर कुमार आठवें विकेट के रूप में छह रन बनाकर आउट हुये। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 191 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लेकिन यह न्यूज़ीलैंड को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित