मीरपुर , मई 02 -- जॉश क्लार्कसन (तीन विकेट), बेन सीयर्स और नेथन स्मिथ ( दो-दो विकेट) की अगुवाई गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड ने शनिवार को वर्षा प्रभावित तीसरे टी-20 मुकाबले में बंगलादेश को 102 रनों के स्कोर पर समेट दिया।

आज यहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश के बल्लेबाज न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे खुलकर नहीं खेल सके और उनकी टीम मो. तौहीद हृदोय (33) , कप्तान लिटन कुमार दास (26) और सैफ हसन (16) के सहयोग से न्यूजीलैंड के खिलाफ नौ विकेट पर 102 रन ही बना सकी। बंगलादेश के आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। बंगलादेश के लिए सैफ हसन और तंजिद हसन की जोड़ी ने 21 रन जोड़े। इसके बाद बंगलादेश ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाये। इस दौरान बारिश की वजह से मैच को 15-15 ओवरों का कर दिया गया।बंगलादेश ने अपने आखिरी 6 विकेट 26 रन जोड़कर गंवा दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित