बुलावायो , जनवरी 24 -- अमब्रिश (चार विकेट) और हेलिन पटेल (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी और कप्तान आयुष म्हात्रे (53) के शानदार अर्धशतक के दम पर भारतीय टीम ने शनिवार को अंडर-19 विश्वकप के वर्षा प्रभावित 24वें मुकाबले में न्यूजीलैंड को डीएलएस पद्धति के तहत 141 गेंद शेष रहते सात विकेट से हरा दिया ।

वर्षा के कारण 37 ओवर के कर दिए गए मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड की टीम को 36.2 ओवर में 135 के स्कोर समेट दिया। भारत को 130 रन का संशोधित लक्ष्य मिला जो उसने 13.3 ओवर में तीन विकेट पर 130 रन बनाकर हासिल कर लिया और जीत की हैट्रिक पूरी की। म्हात्रे ने 27 गेंदों पर 53 रन की आतिशी पारी में दो चौके और छह छक्के मारे। वैभव सूर्यवंशी ने 23 गेंदों पर 40 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए। विहान मल्होत्रा ने नाबाद 17 और वेदांत त्रिवेदी ने नाबाद 13 रन बनाये।

आज यहां भारतीय अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और उसने 22 रन के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिये। ह्यूगो बोग (चार), टॉम जोन्स (दो), आर्यन मान (पांच), मार्को विलियम एल्पे (एक), स्नेहिथ रेड्डी 10 रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय जसकरन संधू और जैकब कॉटर की जोड़ी पारी को संभालने का प्रयास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित