वेलिंग्टन , मार्च 22 -- जेस केर (तीन विकेट) के बाद सोफी डिवाइन (64) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड की महिला टीम ने रविवार को चौथे टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को नौ गेंदें शेष रहते छह विकेट से हराया और पांच मैचों की सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली हैं। जेस को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही और उसने नौ रन के स्कोर पर इसाबेला गेज (छह) का विकेट गंवा दिये। ऐसे संकट के समय कप्तान अमेलिया केर ने जॉर्जिया प्लिमर के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई। आठवें ओवर में क्लोई ट्राइऑन ने जॉर्जिया प्लिमर (29) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 14वें ओवर में क्लोई ट्राइऑन ने अमेलिया केर (31) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। सोफी डिवाइन ने 34 गेंदों में छह चौके और चार छक्के लगाते हुए 64 रनों की पारी खेली। उन्हें एन म्लाबा ने 18वें ओवर में आउट किया। न्यूजीलैंड ने 18.3 ओवरों में चार विकेट पर 160 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। ब्रूक हैलिडे (16) और मैडी ग्रीन (नौ) रन बनाकर नाबाद रही।

इससे पहले आज यहां दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 159 रनों का स्कोर बनाया। जेस केर ने तीसरे ओवर में क्लोई ट्राइऑन आठ गेंदों में (14) को पगबाधा कर दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी कप्तान लॉरा वुलफार्ट ने सुने लूस के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। नौवें ओवर में अमेलिया केर ने सुने लूस (30) को आउट कर न्यूजीलैंड को दूसरी सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में जेस केर ने लॉरा वुलफार्ट (10) को अपना शिकार बना लिया। तेजमिन ब्रिट्स (आठ), एन डी क्लर्क (20) और कायला रेनेके (13) पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुई। इस दौरान एनरी डर्कसन एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाती रही। एनरी डर्कसन ने 32 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए (नाबाद 55) रनों की पारी खेली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित