सूरत , जुलाई 11 -- देश की प्रमुख निर्माण सामग्री कंपनी न्युवोको विस्टास ने गुजरात के सूरत में स्थित अपने लिमला सीमेंट प्लांट में शनिवार को उत्पादन शुरू कर दिया।
यह संयंत्र वदराज सीमेंट लिमिटेड की प्रमुख विनिर्माण इकाइयों में से एक है जो न्युवोको विस्टास की सहायक कंपनी है। कंपनी ने जून 2025 में 1,800 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिवाला कानून के तहत समाधान प्रक्रिया से गुजर रही वदराज सीमेंट लिमिटेड का अधिग्रहण पूरा किया था। वदराज सीमेंट के पास कच्छ में क्लिंकर यूनिट और सूरत के लिमला में ग्राइंडिंग यूनिट है। इसके अलावा कंपनी के पास कच्छ में उच्च गुणवत्ता वाले अपने चूना पत्थर के भंडार और एक कैप्टिव जेट्टी भी है, जो परिवहन व्यवस्था में मददगार होती है। इन परिसंपत्तियों का अधिग्रहण करने के बाद न्युवोको ने कच्छ और लिमला, दोनों इकाइयों में मरम्मत, आधुनिकीकरण और विस्तार का काम किया।
कंपनी ने बताया कि लिमला सीमेंट प्लांट की ग्राइंडिंग यूनिट तय समय से पहले तैयार हो गयी है। इसके साथ यहां 20 लाख टन सालाना ग्राइंडिंग क्षमता की सफल शुरुआत भी हो गयी है। इससे न्युवोको की उत्पादन क्षमता और बाजार तक पहुंच दोनों मजबूत होंगी।
न्युवोको विस्टास के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा, "सूरत के लिमला ग्राइंडिंग यूनिट की शुरुआत न्युवोको के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। साथ ही, यह योजनाबद्ध तरीके से कारोबार बढ़ाने की हमारी प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है। गुजरात हमारे लिए एक अहम् बाजार है, जहां इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास, उद्योगों का विस्तार, बढ़ता शहरीकरण और आवास एवं निर्माण क्षेत्र में लगातार बढ़ती मांग हमें आगे बढ़ने के उत्कृष्ट अवसर देती है।"वदराज सीमेंट की सभी इकाइयों के पूरी तरह शुरू होने के बाद न्युवोको की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा उत्तर और पश्चिम भारत में स्थित उसके संयंत्रों में केंद्रित होगा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027-28 तक कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 3.5 करोड़ टन सालाना तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित