भीलवाड़ा , अप्रैल 05 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने न्यायपालिका को लोकतंत्र का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा है कि न्यायिक बुनियादी ढांचे का विकास न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने में अहम भूमिका निभाता है।

श्रीमती कुमारी रविवार को यहां जिला एवं सेशन न्यायालय के नवीन परिसर के भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर बोल रही थी। उन्होंने इसे न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक अवसर बताया। इस कार्यक्रम के साथ जिला बार एसोसिएशन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया।

श्रीमती कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और मजबूत स्तंभ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया न्यायालय भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी और आम नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित न्याय मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि नया न्यायालय परिसर न केवल न्यायिक कार्यों को गति देगा, बल्कि अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और वादकारियों को एक बेहतर और सुविधाजनक वातावरण भी प्रदान करेगा। स्थानीय स्तर पर इसे विकास और न्यायिक सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा, न्यायाधीश न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र सिंह भाटी, न्यायमूर्ति फरजंद अली, न्यायमूर्ति प्रवीर भटनागर, जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़, विधायक उदयलाल भड़ाना, लादूलाल पितलीया, लालाराम एवं अशोक कोठारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा तथा न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी और अधिवक्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित