नयी दिल्ली , मई 03 -- दिल्ली के सफदरजंग इलाके में 30 वर्षीय न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की उनके आवास पर कथित आत्महत्या के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है और घटना के कारणों व परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गयी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि श्री शर्मा घरेलू विवादों के कारण तनाव में थे। एक रिश्तेदार ने दावा किया कि घटना वाले दिन रात करीब 10 बजे श्री शर्मा ने अपने पिता को फोन किया था और कहा था कि अब उनके लिए जीना मुश्किल हो गया है। इसके बाद उनके पिता अलवर से रवाना हुए और उसी दिन देर रात दिल्ली पहुंचे।
रिश्तेदार ने यह भी कहा कि पिछले दो महीनों से श्री शर्मा का पत्नी के साथ विवाद चल रहा था और उन्होंने प्रताड़ना की शिकायत की थी। परिवार का यह भी आरोप है कि उनकी साली अक्सर उनके निजी जीवन में हस्तक्षेप करती थीं, जिससे तनाव और बढ़ गया। उनकी साली आइएएस अधिकारी है और वह जम्मू में तैनात है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और परिवार के सभी आरोपों की समीक्षा की जा रही है। आत्महत्या के सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित