नयी दिल्ली , अप्रैल 14 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 50 करोड़ रुपये के धन शोधन मामले में सोमवार देर रात गिरफ्तार किए गए इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आईपैक) के निदेशक विनेश चंदेल को 10 दिनों की हिरासत में ले लिया है।

श्री चंदेल इस कंपनी के संस्थापक, निदेशक और 33 प्रतिशत के शेयरधारक हैं।

ईडी ने दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अपनी जांच शुरू की थी। जांच में अब तक आईपैक द्वारा वित्तीय अनियमितताओं और धन शोधन के कई मामले सामने आए हैं। इनमें बेहिसाब धन प्राप्त करना, बिना वैध व्यावसायिक स्त्रोत के असुरक्षित ऋण, फर्जी बिल और चालान जारी करना, तीसरे पक्ष से धन प्राप्त करना और अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क सहित अन्य माध्यमों से नकदी का लेन-देन शामिल है।

जांच से संकेत मिलता है कि कंपनी कई करोड़ रुपये के अपराध की कमाई को वैध बनाने में शामिल थी, जिसमें अब तक लगभग 50 करोड़ रुपये का पता चला है।

जांच के दौरान इन लेन-देन से जुड़े विभिन्न व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए और तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत, यदि अपराध श्री चंदेल की सहमति, मिलीभगत से या लापरवाही के कारण किया गया है, तो कंपनी के निदेशकों को उत्तरदायी ठहराया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित