झुंझुनू , जनवरी 31 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर न्यायालय ने जो आदेश दिया है, उससे पहले पहले ही सभी चुनाव पूरे करवा लिए जाएंगे।

श्री राठौड़ ने शनिवार को झुंझुनू में कहा कि उच्च न्यायालय ने 15 अप्रैल तक चुनाव करवाने के आदेश दिए हैं। इस आदेश के खिलाफ सरकार उच्चतम न्यायालय भी गई थी, लेकिन वहां से निराशा हाथ लगने के बाद अब सरकार ने चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव में संतान संबंधी बाध्यता हटाने की मांग आ रही थी। जिस पर भी सरकार सकारात्मक विचार कर रही है।

उन्होंने इस मौके पर झुंझुनू भाजपा में पनप रहे असंतोष पर कहा कि उन्हें किसी पदाधिकारी के इस्तीफे की सूचना नहीं है। भाजपा एक परिवार है। परिवार की बात परिवार में ही होती है और वह परिवार का मुखिया होने के नाते विश्वास दिलाते हैं कि वह अपने परिवार को संभाल लेंगे।

इससे पहले श्री राठौड़ और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का झुंझुनू जिला मुख्यालय पर अग्रसेन सर्किल के समीप विधायक राजेंद्र भांबू की अगुवाई में स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य विश्वंभर पूनियां, भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी पुरूषोत्तम खाजपुरिया, भाजपा जिला महामंत्री योगेंद्र मिश्रा आदि भी मौजूद थे।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री राठौड़ ने कहा कि रविवार को केंद्रीय बजट आने वाला है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हमेशा सर्वहित को ध्यान में रखते हुए काम किया है। इसलिए कल जो बजट आएगा। उसमें भी आम आदमी को मजबूत बनाने और हर नागरिक का ध्यान रखते हुए आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 10-11 वर्ष केंद्र में नेृतत्व किया है। भाजपा के नेतृत्व को भी 11 वर्ष हो गए हैं। पूरा देश कल आने वाले बजट के बाद दोनों ही सरकारों की तुलना करेगा और यह साबित होगा कि केंद्र सरकार आमजन के हित में काम कर रही है।

श्री राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद भारत का डंका दुनिया में बजा है और देश की प्रतिष्ठा बढी है। उन्होंने कहा कि पंचायतों और निकायों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वार्डों और पंचायतों को अव्यवस्थित बना दिया था, लेकिन अब सभी के साथ न्याय करते हुए भाजपा ने सभी वार्डों को एक तय मापदंडों पर व्यवस्थित किया है। चुनावों में भाजपा को जीत मिलेगी।

उन्होंने फिर दोहराया कि पंचायत और निकाय चुनाव में दो बच्चों की सीमा में छूट देने का विचार राज्य सरकार की तरफ से किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित