भरतपुर , नवम्बर 06 -- राजस्थान में भरतपुर के न्यायालय से फरार हुए कुख्यात बदमाश का अब तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आरोपी सुरेंद्र उर्फ बबला ने एक मामले में उच्च न्यायालय से जमानत अर्जी खारिज होने पर चार नवम्बर को अनुसूचित जाति, जनजाति अधिनियम मामलों के न्यायालय में समर्पण किया था। न्यायालय ने उसे जब न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजे जाने का आदेश सुनाया तो वह कटघरे से कूदकर फरार हो गया। इस मामले को लेकर अदालत की तरफ से रीडर अशोक कुमार ने थाना मथुरागेट में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुरेंद्र उर्फ बबला पर भरतपुर, बयाना, सूरौठ, हिंडौन और अन्य क्षेत्रों में 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है और जिला पुलिस ने उसे हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न थाना के पुलिस दल भेजे गये हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लगा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित