जयपुर/जोधपुर , सितम्बर 29 -- राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश विनीत कुमार माथुर को उच्च न्यायालय का प्रशासनिक न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल के आदेश से मंगलवार देर शाम जारी स्थायी आदेश के तहत न्यायमूर्ति माथुर को यह जिम्मेदारी सौंपी गयी। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इसके साथ ही इस विषय में पूर्व में जारी सभी स्थायी आदेशों को अधिक्रमित कर दिया गया है।
आदेश के अनुसार प्रशासनिक न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति विनीत कुमार माथुर को एक न्यायालय से दूसरे न्यायालय में मामलों के स्थानांतरण से जुड़े मामलों के निस्तारण की जिम्मेदारी दी गयी है। इसके अलावा उच्च न्यायालय में लंबित न्यायिक कार्य से संबंधित आवधिक विवरणियां और रिपोर्ट भारत सरकार और उच्चतम न्यायालय को भेजने से जुड़े मामलों को भी वह देखेंगे।
न्यायमूर्ति माथुर संसद और विधानसभा के प्रश्नों के जवाब भेजने से संबंधित मामलों और अधीनस्थ न्यायालयों के कर्मचारियों के अंतर-जिला स्थानांतरण से जुड़े प्रस्तावों का भी निस्तारण करेंगे। ये स्थानांतरण आपसी अनुरोध अथवा प्रशासनिक आधार पर हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त मुख्य न्यायाधीश की ओर से सौंपे जाने वाले अन्य प्रशासनिक कार्य भी प्रशासनिक न्यायाधीश देखेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित