चंडीगढ़ , मई 06 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि हिंदुस्तान के स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की 12.5 फुट ऊंची मूर्ति नौ मई को अम्बाला छावनी के सदर बाजार चौक पर स्थापित की जाएगी।
श्री विज ने बताया कि मूर्ति स्थापना के लिए उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से 50 लाख रुपये नगर परिषद अम्बाला सदर को दिये थे। सोलह क्विंटल वजनी धातु की यह मूर्ति जयपुर के मूर्तिकार महावीर भारती ने बनायी है और अम्बाला छावनी पहुंच चुकी है। मूर्ति को नौ मई को सदर बाजार चौक पर स्थापित किया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री ने आज स्थापना स्थल का निरीक्षण कर नगर परिषद अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिये कि प्रतिमा के आसपास पर्याप्त रोशनी का प्रबंध हो, ताकि रात में भी मूर्ति आकर्षक लगे।
श्री विज ने कहा कि देशभक्ति को समर्पित महाराणा प्रताप की मूर्ति की स्थापना से युवाओं में स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित