नयी दिल्ली , फरवरी 16 -- देश की प्रमुख गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) में शुमार आईआईएफएल फाईनेंस लिमिटेड ने अपने व्यवसाय का दायरा बढ़ाने तथा पूंजी जुटाने के लिये प्रतिदेय गैर-परिवर्तनीय ऋणपत्र (एनसीडी) के पब्लिक इश्यू (सार्वजनिक निर्गम) जारी करने का निर्णय लिया है। ये जो मंगलवार से मिलने शुरू होंगे और चार मार्च तक मिलेंगे।

कंपनी के प्रतिनिधियों ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इनका इश्यू आकार 500 करोड़ रुपये है और 1,500 करोड़ रुपये तक के ओवरसब्सक्रिप्शन के लिए ग्रीन-शू विकल्प है। इस प्रकार इसका कुल आकार 2,000 करोड़ रुपये का होगा।

कंपनी ने निवेशकों को प्रतिवर्ष नौ प्रतिशत का ब्याज देने का वादा करते हुए कहा है कि इसमें निवेश करने के लिए 24 महीनों, 36 महीनों, और 60 महीनों की अवधि का विकल्प उपलब्ध होगा। कंपनी के अनुसार ब्याज का पे-आउट मासिक, वार्षिक या मैच्योरिटी के बाद लिया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित