नई दिल्ली , अक्टूबर 29 -- कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई महंगी दवाओं की कीमतों में नौ नवंबर से बड़ी कटौती होने जा रही है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने कैंसर रोधी कई गैर-अनुसूचित दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में संशोधन किया है, जिससे मरीजों को इलाज के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।
एनपीपीए की सूची के अनुसार, एबॉट हेल्थकेयर के बेवेसिजुमैब 400 मिलीग्राम इंजेक्शन (16 मिलीलीटर वायल) की कीमत 65,205.09 रुपये से घटाकर 8,956.75 रुपये कर दी गई है। इसी कंपनी के 100 मिलीग्राम इंजेक्शन (चार मिलीलीटर वायल) की कीमत 21,767.70 रुपये से घटकर 5,930.13 रुपये हो गई है।
समर्थ लाइफ साइंसेज की डैसाटिब 100 मिलीग्राम की 30 गोलियों वाले पैक की कीमत 10,116 रुपये से घटाकर 1,380.32 रुपये और 50 मिलीग्राम की 60 गोलियों वाले पैक की कीमत 10,791 रुपये से घटाकर 1,457.57 रुपये निर्धारित की गई है।
खंडेलवाल लैबोरेटरीज की एर्लोटाज 100 मिलीग्राम की 30 कैप्सूल वाली पैकिंग की कीमत 8,481.32 रुपये से घटकर 1,050.14 रुपये और 150 मिलीग्राम की कीमत 11,065.33 रुपये से घटकर 1,718.26 रुपये हो गई है।
इसके अलावा, मायलान फार्मास्युटिकल्स की माइटेरा 250 मिलीग्राम की 120 गोलियों वाले पैक की कीमत 16,865 रुपये से घटाकर 5,105.50 रुपये और इंटास फार्मास्युटिकल्स की एबिराटास 250 मिलीग्राम की समान पैकिंग की कीमत 28,305.94 रुपये से घटाकर 7,970.50 रुपये कर दी गई है।
हेटेरो हेल्थकेयर की एंजाना 40 मिलीग्राम की सात कैप्सूल वाली पैकिंग की कीमत 2,227 रुपये से घटाकर 830 रुपये और एबॉट की एंजैंड्रो 40 मिलीग्राम की 28 कैप्सूल वाली पैकिंग की कीमत 10,890 रुपये से घटाकर 3,108.39 रुपये निर्धारित की गई है।
एनपीपीए ने एजासिटिडीन और डेनोसुमैब वाली कुछ दवाओं की कीमतों में भी कटौती की है। हेटेरो की एजाशाइन 300 मिलीग्राम की 14 गोलियों वाले पैक की कीमत 24,637 रुपये से घटकर 9,356 रुपये और 200 मिलीग्राम की कीमत 17,964 रुपये से घटकर 6,675 रुपये हो गई है। आरपीजी लाइफ साइंसेज के डेब्रुमैब 60 मिलीग्राम इंजेक्शन की कीमत 22,031.25 रुपये से घटाकर 5,941 रुपये कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित