कपूरथला , मई 27 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त आकाश बांसल ने बुधवार को बताया कि राज्य सरकार द्वारा धान की बुवाई के लिए तय की गयी समय सारिणी के अनुसार जिले में धान की रोपाई नौ जून से शुरू होगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि निर्धारित तिथि से पहले धान की रोपाई न करें, ताकि पानी और अन्य प्राकृतिक संसाधनों की बचत सुनिश्चित की जा सके। उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि धान की रोपाई के सीजन के दौरान किसानों को फसल पकने तक प्रतिदिन कम से कम आठ घंटे लगातार बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य को तीन जोनों में विभाजित किया गया है। कपूरथला तीसरे जोन में शामिल है और इस जोन के जिलों में नौ जून से धान की रोपाई शुरू होगी। इस दौरान सभी क्षेत्रों में किसानों को नियमित बिजली आपूर्ति दी जाएगी।
श्री बांसल ने किसानों से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही धान लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे भूजल संरक्षण और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी या सहायता के लिए किसान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या मुख्य कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित