भुवनेश्वर , जुलाई 08 -- ओडिशा के ब्रह्मपुर और गुजरात के उधना (सूरत) के बीच वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन चलने वाली उधना-ब्रह्मपुर अमृत भारत एक्सप्रेस नौ जुलाई से नियमित रूप से प्रतिदिन चलायी जायेगी।
पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर) ने बुधवार को बताया कि ओडिशा और गुजरात के बीच रेल सम्पर्क को बढ़ावा देने के लिए ट्रेन संख्या 19021/19022 उधना-ब्रह्मपुर -उधना अमृत भारत एक्सप्रेस को अद्यतन किया गया है। अब यह ट्रेन नौ जुलाई से सप्ताह में तीन दिन की बजाय नियमित रूप से चलेगी। इस कदम से हज़ारों यात्रियों, विशेषकर प्रवासी श्रमिकों , कारोबारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को यात्रा में सहूलियत होगी।
नयी समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 19021 उधना-ब्रह्मपुर अमृत भारत एक्सप्रेस नौ जुलाई से उधना से रोज़ाना चलेगी। मौजूदा समय में यह ट्रेन रविवार, बुधवार और शुक्रवार को परिचालित होती है।
इसी तरह, ट्रेन संख्या 19022 ब्रह्मपुर-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस 10 जुलाई से ब्रह्मपुर से रोज़ाना चलेगी। मौजूदा समय में यह ट्रेन सोमवार, गुरुवार और शनिवार को ब्रह्मपुर से उधना के लिए रवाना होती है।
ईसीओआर के अधिकारियों ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस को रोज़ाना चलने वाली सेवा में बदलने का फ़ैसला यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और इस अहम मार्ग पर बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस ट्रेन के अधिक फेरे लगाने से ओडिशा और गुजरात के बीच सम्पर्क में काफ़ी सुधार होने की उम्मीद है।
रेलवे की ओर से यात्रियों को सलाह दी गयी है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय नयी समय सारिणी का ध्यान रखें। ईसीओआर ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस ) या भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के ज़रिए ट्रेन के समय की पुष्टि कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित