मुरादाबाद , अगस्त 06 -- रेल मंडल मुरादाबाद से होकर गुजरने वाली ट्रेन संख्या 19610 योग नगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस नौ अगस्त को अपने निर्धारित मार्ग के बजाए परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में मदार-अजमेर रेलखंड के बीच समपार फाटक संख्या 44 पर स्टील गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते रेलवे प्रशासन ने ट्रेन के संचालन में यह अस्थायी बदलाव किया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को यहां बताया कि 09 अगस्त को योग नगरी ऋषिकेश से छूटने वाली ट्रेन संख्या 19610 अपने तय मार्ग मदार-अजमेर-आदर्शनगर के स्थान पर मदार-आदर्शनगर बाईपास लाइन से चलाई जाएगी। इस मार्ग परिवर्तन के कारण इस ट्रेन का अजमेर रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।
यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए रेलवे ने इस गाड़ी को मदार और आदर्शनगर स्टेशनों पर 2-2 मिनट का विशेष ठहराव देने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अधिकृत माध्यमों से ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित