रांची , अक्टूबर 07 -- झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) स्टेडियम में होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच को लेकर रांची यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
मैच के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम करने और दर्शकों की सुविधा के लिए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन और पार्किंग की व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
9 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का रांची शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं, सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था पूर्ववत लागू रहेगी।
शालीमार चौक से नॉर्थ गेट, जेएससीए स्टेडियम तक सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, आपात स्थिति में एंबुलेंस और चिकित्सा सेवा से जुड़े वाहनों को आवागमन की अनुमति होगी।
इसके अलावा सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकॉन चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों का परिचालन मैच समाप्त होने तक प्रतिबंधित रहेगा।
साउथ और साउथ-ईस्ट गेट के टिकटधारी धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान में वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम जा सकेंगे। पार्किंग भरने पर डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थॉमस स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
वेस्ट गेट के टिकटधारी धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड अथवा सैम्बो कैंप मोड़ होते हुए सुखआ मैदान में वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम जा सकेंगे। वैकल्पिक रूप से सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की पार्किंग का उपयोग किया जा सकेगा।
नया सराय-रिंग रोड से आने वाले दर्शक हाईकोर्ट के सामने हेलीपैड मैदान में वाहन पार्क कर तिरिल मोड़ और जेएससीए नॉर्थ गेट के रास्ते पैदल स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
वीआईपी और वीवीआईपी पास वाले वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए स्टेडियम के नॉर्थ गेट के समीप निर्धारित प्रवेश मार्ग से वीआईपी पार्किंग में जा सकेंगे।
मैच के बाद भी ट्रैफिक डायवर्जन: मैच समाप्त होने के बाद शालीमार बाजार, मौसीबाड़ी गोलचक्कर, एचईसी गेट, बिरसा चौक, हिनू चौक, राजेंद्र चौक, बिग बाजार और सुजाता चौक मार्ग पर भारी यातायात दबाव की संभावना है। इसे देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
रातू, मांडर और चान्हो जाने वाले वाहन तिरिल-कुटे-नवाटोली-नया सराय होते हुए रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। नगड़ी, ईटकी और बेड़ो जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से रिंग रोड होते हुए आगे बढ़ सकेंगे।
कांके, पिठौरिया और ओरमांझी जाने वाले वाहन नया सराय से रिंग रोड होते हुए तिलता चौक की ओर जा सकेंगे। वहीं नामकुम, टाटीसिलवे, सिल्ली और मुरी जाने वाले वाहन झारखंड मंत्रालय, तुपुदाना और रिंग रोड होते हुए नामकुम की ओर जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने रांची के नागरिकों से अपील की है कि 9 अक्टूबर को कार्यक्रम के दौरान चारपहिया वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल न करें और विशेष परिस्थिति में ही निजी वाहन लेकर निकलें। आवश्यकता पड़ने पर यातायात पुलिस अन्य मार्गों को भी अस्थायी रूप से डायवर्ट या बंद कर सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित