नयी दिल्ली , सितम्बर 08 -- नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन बुधवार से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे।

रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी और रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के साथ भारतीय नौसेना के द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करना है।ऑस्ट्रेलिया में एडमिरल स्वामीनाथन रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और वरिष्ठ ऑस्ट्रेलियाई रक्षा अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नौसेनाओं के बीच सहयोग की समीक्षा की जाएगी तथा संचालन स्तर पर तालमेल, आपसी काम करने की क्षमता, सूचनाओं के आदान-प्रदान, प्रशिक्षण और पेशेवर आदान-प्रदान को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी।

वह ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख संचालन और प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों का दौरा भी करेंगे और रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी के कर्मियों से बातचीत करेंगे। बातचीत में समुद्री क्षमताओं, उभरती तकनीकों और पेशेवर सैन्य शिक्षा से जुड़े मुद्दे शामिल होंगे।

न्यूजीलैंड में नौसेना प्रमुख रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के वरिष्ठ नेतृत्व और वरिष्ठ न्यूजीलैंड रक्षा अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। यहां दोनों नौसेनाओं के बीच संचालन तालमेल, सूचनाओं के आदान-प्रदान, प्रशिक्षण और पेशेवर आदान-प्रदान को और मजबूत करने पर ध्यान रहेगा।

वह न्यूजीलैंड के प्रमुख संचालन और प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगे तथा रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के कर्मियों और पेशेवर सैन्य शिक्षा ले रहे अधिकारियों से बातचीत करेंगे। यह दौरा हाल में हुए समुद्री सहयोग समझौते की पृष्ठभूमि में हो रहा है, जो भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यावहारिक समुद्री सहयोग के लिए व्यापक ढांचा उपलब्ध कराता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित