नयी दिल्ली, सितंबर 29 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नौसेना की दो जांबाज अधिकारियों की आठ महीने तक समुद्री यात्रा को अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मासिक रेडियो प्रसारण 'मन की बात' कार्यक्रम में नौसेना की दो अधिकारियों लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा से फोन पर बात कर आठ माह में 50 हजार किलोमीटर की यात्रा के दौरान आने वाली मुश्किलों, मौसम की दुश्वारियों के बारे में बात की। दोनों अधिकारियों ने बताया कि नाविका सागर परियोजना के दूसरे चरण में उनकी यात्रा दो अक्टूबर 2024 से गोवा से शुरू होकर 29 मई 2025 को समाप्त हुई। इस यात्रा में 238 दिन लगे और इस जहाज पर सिर्फ यही दो महिला अधिकारी ही मौजूद थीं।
लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि इस यात्रा के लिए हम लोगों ने तीन साल तैयारी की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपनी यात्रा के सबसे यादगार पल, दुनिया के सबसे दूरस्थ नीमो बिंदु पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को फहराना बताया। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने नौसेना के दोनों अधिकारियों को बधाई दी। लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ने कहा कि इस लंबी यात्रा के दौरान खराब मौसम और कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि हम दोनों को बहुत ज्यादा गर्मी और बहुत ज्यादा सर्दी का सामना करना पड़ा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोगों को सुनकर बहुत हैरानी होगी कि हमारे देश की बेटियां ऐसा कष्ट उठा रही हैं। दोनों नौसेना अधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि आठ माह की यात्रा में वे चार स्थानों आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पोर्ट स्टेनली और दक्षिण अफ्रीका में रूकी थीं। दोनों अधिकारियों ने बताया कि हमने दुनिया के हर कोने में भारतीय लोगों को देखा जो बेहद सक्रियता और आत्मविश्वास के साथ भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आस्ट्रेलिया की पश्चिमी आस्ट्रेलिया की संसद की स्पीकर ने हमें बुलाया और साहस बढ़ाया। न्यूजीलैंड में तब माओरी समुदाय के लोगों ने हमारा स्वागत किया और भारतीय संस्कृति के लिए अपार आदर का भाव प्रदर्शित किया।
नौसेना अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका का पोर्ट स्टेनली एक सुदूर द्वीप है जहां की जनसंख्या सिर्फ 3000 है। जहां एक मिनी इंडिया देखा है। वहां के लोगों ने हमें अपना समझा और हमें घर जैसा महसूस कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित