सागर , मई 06 -- मध्यप्रदेश के नौरादेही टाइगर रिजर्व से खुशखबरी सामने आई है, जहां बाघिन एन-6 चार शावकों के साथ कैमरे में कैद हुई है। टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा जारी वीडियो में बाघिन अपने शावकों के साथ नजर आई, जिससे उसके सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार पिछले करीब एक महीने से बाघिन N-6 का पता नहीं चल रहा था और उसके रेडियो कॉलर से भी सिग्नल नहीं मिल रहे थे। इसको लेकर उसके लापता होने की आशंका जताई जा रही थी। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क भी किया गया था।
टाइगर रिजर्व के उप संचालक रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि बाघिन न तो लापता थी और न ही किसी संकट में। उसका रेडियो कॉलर पुराना हो जाने के कारण सिग्नल नहीं मिल रहे थे। उन्होंने बताया कि बाघिन सुरक्षित प्रसव के लिए कोर एरिया में एक सुरक्षित स्थान पर थी।
अधिकारियों के अनुसार चार शावकों के साथ दिखाई देने से स्पष्ट है कि बाघिन ने नौरादेही के वातावरण में खुद को अनुकूल बना लिया है और वह यहां सुरक्षित महसूस कर रही है। सुरक्षा कारणों से बाघिन के सटीक स्थान का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन वनकर्मी उसकी निगरानी में लगे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि नौरादेही टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़कर लगभग 30 तक पहुंच गई है। इससे पहले दिसंबर में बाघिन राधा (N-1) भी तीन शावकों के साथ देखी गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित