रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और लू के असर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने का कोई आसार नहीं है, हालांकि इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

राज्य में मंगलवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा दुर्ग में 44.7 डिग्री, बिलासपुर में 44.5, अंबिकापुर में 42.4, पेंड्रारोड में 42.2 तथा जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में सबसे कम 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने के आसार हैं। बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया और कई जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है।

विभाग के मुताबिक 29 मई से मौसम में बदलाव के संकेत मिल सकते हैं। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात तथा वर्षा की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित