उत्तरकाशी , जुलाई 21 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ड्रग्स फ्री देवभूमि एवं नशामुक्त भारत अभियान के तहत थाना पुरोला पुलिस ने नौगांव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए स्कूटी से स्मैक की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.80 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जिलाभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरोला पुलिस ने विल्ला रुद्रेश्वर मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से 15.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों सूरज रावत पुत्र महिदेव सिंह रावत और कुलदीप रावत पुत्र जगवीर सिंह रावत, निवासी बड़कोट, उत्तरकाशी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ ही स्मैक की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित