रायपुर , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को युवाओं से नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाले बनें।

श्री साय ने यहां इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय 'यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026' में विद्यार्थियों, युवा नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा है कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं, नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं के विचारों को व्यवसाय में बदलने और उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए 'मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना' पर काम किया जा रहा है, जिसके लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार युवाओं को तकनीकी सहयोग, वित्तीय सहायता और अनुकूल नीतिगत वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति-2024 लागू होने के बाद प्रदेश को अब तक लगभग 8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से कई परियोजनाओं पर जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। प्रदेश में परंपरागत उद्योगों के साथ ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को लगभग 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं, किसानों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।

श्री साय ने कृषि और वन संपदा के मूल्य संवर्धन में युवाओं के लिए व्यापक संभावनाएं बताते हुए कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के वन क्षेत्रों में उपलब्ध इमली, महुआ, सीताफल और औषधीय पौधों के प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन के जरिए नए उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। इसी तरह सुगंधित धान की स्थानीय किस्मों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और निर्यात से कृषि आधारित स्टार्टअप के लिए नए बाजार तैयार हो सकते हैं।

सम्मेलन में युवाओं ने मुख्यमंत्री से स्टार्टअप के लिए वित्तीय सहायता, ऋण में जमानत, सरकारी योजनाओं, रोजगार सृजन, बागवानी, सामाजिक मीडिया एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से जुड़े तंत्र और प्रस्तावित फिल्म सिटी से जुड़े अवसरों सहित विभिन्न विषयों पर सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से असफलता से नहीं डरने और नए प्रयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी नए विचार को बदलाव का माध्यम बनाने के लिए उसे परिश्रम, कौशल और उद्यमिता से जोड़ना जरूरी है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का अवलोकन किया। उन्होंने बायोसेफ्टी लेवल लैब, एनिमल कल्चर लैब, माइक्रोबियल सेल और प्लांट टिश्यू कल्चर लैब सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली। सेंटर में स्टार्टअप्स के लिए इन्क्यूबेशन स्पेस, ड्राई एवं वेट लैब, प्लग एंड प्ले ऑफिस, कॉमन इंस्ट्रूमेंटेशन लैब और एनालिटिकल टेस्टिंग की सुविधाएं विकसित की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित