हनुमानगढ़ , जनवरी 15 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर शहर में साहवा मार्ग पर स्थित एक प्रमुख चौराहे के आसपास लंबे समय से बने अतिक्रमणों को हटाने के लिए बुधवार सुबह नगर पालिका प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की।

आधिकारिक सूूत्रों ने बताया कि इस अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों ने उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव से कुछ दिनों की मोहलत मांगी, लेकिन उन्होंने साफ इन्कार कर दिया। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था सुधारने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका प्रशासन ने पिछले दिनों इन अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करके स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी, लेकिन किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। साहवा मार्ग के चौराहे के आसपास काफी संख्या में लोगों ने अवैध रूप से दुकानें या अन्य निर्माण कर रखे थे, जिसकी वजह से यहां रोजाना यातायात जाम की स्थिति बनती थी और दुर्घटनाएं होती रहती थीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद इस चौराहे का व्यवस्थित तरीके से निर्माण किया जाएगा, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके और सड़क सुरक्षा बढ़ाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित