हनुमानगढ़ , सितंबर 21 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले की नोहर पालिका में सोमवार को 40 वार्डों में से मात्र दो सीटें जीतने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की खातून टाक अध्यक्ष चुनी गई।
फैसला पर्ची से हुआ, क्योंकि भाजपा के खातून टाक और कांग्रेस की सुमित को बराबर 20-20 मत मिले। पर्ची एक बालिका से निकवाई गई जो खातून के नाम की थी।
इस चुनाव में कांग्रेस को 20 वार्ड में सफलता मिली थी। भाजपा ने 13 वार्डों में उम्मीदवार खड़े किए थे और सिर्फ दो प्रत्याशी ही जीत पाए थे। बाकी 27 वार्ड में भाजपा को उम्मीदवार ही नहीं मिले, लेकिन कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों का भाजपा ने समर्थन किया था। अध्यक्ष निर्वाचित हुई खातून, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और राजस्थान मदरसा बोर्ड की अध्यक्ष मेहरुन्निसा टाक की सास है। भाजपा के सिर्फ दो पार्षद हैं, लेकिन वह 18 निर्दलीय पार्षद अपने पक्ष में करने में सफल रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित