न्यूयॉर्क , अगस्त 31 -- अर्जेंटीना के मारियानो नावोन ने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन नोवाक जोकिविच को पहले राउंड में हराकर यूएस ओपन 2026 से बाहर कर दिया है। यह दो दशकों में पहली बार है जब नोवाक जोकोविच किसी ग्रैंड स्लैम के पहले राउंड में हारे।
आर्थर ऐश स्टेडियम में रविवार को खेले गये पहले दौर के मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त सार्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी जोकोविच को चार घंटे 36 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में नावोन के हाथों 7-6(5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा।
24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच यूएस ओपन के शुरुआती राउंड में कभी नहीं हारे थे। वह 2006 ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट के पहले ही राउंड में बाहर हुए। तब उन्हें कम चर्चित पॉल गोल्डस्टीन ने चौंकाते हुए हराया था।
मुकाबले की शुरुआत से ही जोकोविच अपनी सामान्य लय में नहीं दिखे। उन्हें उल्टी हुई और बाएं पैर व पीठ के निचले हिस्से के इलाज के लिए मेडिकल मदद लेनी पड़ी। आधी रात से ठीक पहले मैच खत्म होने तक उन्होंने 70 'अनफोर्स्ड एरर' (बिना दबाव के की गई गलतियां) किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित