छिंदवाड़ा , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों के बीच भाजपा संगठन और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना के बीच मतभेद सामने आए हैं। छिंदवाड़ा में 13 सितंबर को आंदोलन प्रस्तावित है।

वही भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने सक्सेना को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है। उन पर किसानों को गुमराह करने और कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।

नोटिस के अनुसार, सक्सेना परमाणु बिजली संयंत्र की स्थापना, किसानों को चार गुना मुआवजा देने तथा रेत के अवैध कारोबार में कथित रूप से शामिल ट्रैक्टरों पर कार्रवाई नहीं होने जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। जिला अध्यक्ष ने इन गतिविधियों पर आपत्ति जताते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।

नोटिस जारी होने के बावजूद सक्सेना का किसान संपर्क अभियान जारी है। वही रविवार को उन्होंने छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के नवेगांव, उमरिया और इसरा सहित अन्य गांवों में किसानों के साथ बैठकें कीं तथा उन्हें आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने अपने दौरे की जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की।

सक्सेना पूर्व में कांग्रेस से भाजपा में आए थे। नोटिस में लगाए गए आरोपों पर उनका पक्ष सामने नहीं आया है। उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। अब संगठन की अगली कार्रवाई और सक्सेना के जवाब पर नजर रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित