ग्रेटर नोएडा , नवंबर 01 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से सोमवार, 2 नवंबर को दनकौर स्थित श्री द्रोणाचार्य (पीजी) कॉलेज में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में हाईस्कूल से लेकर परास्नातक तक की शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। मेले का आयोजन सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवक-युवतियां प्रतिभाग कर सकेंगे।

रविवार को जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने रोजगार मेले की जानकारी देते हुए बताया कि, इसमें विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें मैन्युफैक्चरिंग, बीपीओ/केपीओ, बैंकिंग एवं फाइनेंस, फिनटेक, ई-कॉमर्स तथा डिजिटल सेक्टर से जुड़ी कंपनियां प्रमुख रूप से शामिल हैं। जनपद की प्रतिष्ठित कंपनियां डिक्सन, डीएस फूड्स, आर्या फैशन और एडीजे इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य कंपनियां भी मेले में प्रतिभाग करेंगी। इन कंपनियों की ओर से अपनी आवश्यकतानुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में बीएससी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष अवसर उपलब्ध रहेगा। मारुति कार के लिए भर्ती करने वाली कंपनी भी मेले में शामिल होगी। इस कंपनी में चयनित होने वाले बीएससी पास अभ्यर्थियों को पांच लाख रुपये से अधिक वार्षिक पैकेज प्राप्त करने का अवसर मिल सकता है। ऐसे में विज्ञान वर्ग से स्नातक करने वाले युवाओं के लिए यह रोजगार मेला विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकता है।

उन्होंने बताया मेले में अलग-अलग शैक्षिक योग्यताओं के आधार पर रिक्तियां उपलब्ध रहेंगी। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए साक्षात्कार दे सकेंगे। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और निर्धारित पात्रता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित