नोएडा , मार्च 09 -- युवा कल्याण विभाग एवं खेल विभाग जिला गौतमबुद्धनगर के संयुक्त तत्वावधान में उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 21 ए स्थित नोएडा स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल स्पर्धा का सोमवार को सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसमें दादरी, जेवर, नोएडा, खुर्जा और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों के विजेता खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, जूडो और फुटबॉल सहित आठ खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ी अब 10 मार्च 2026 को मेरठ स्थित विद्या विश्वविद्यालय, बागपत रोड में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इस दिन एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, जूडो, बैडमिंटन, कुश्ती तथा बालिका वर्ग में वॉलीबॉल, कबड्डी और फुटबॉल के मुकाबले होंगे। वहीं 11 मार्च को बालक वर्ग में वॉलीबॉल, कबड्डी और फुटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सब जूनियर वर्ग में कुश्ती के 45 किलोग्राम वर्ग में कृष्णा, 51 किलोग्राम में कृष शर्मा और 59 किलोग्राम में जानवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में अजम्या और भाला फेंक में लक्की प्रथम रहे। बालिका वर्ग फुटबॉल में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सेक्टर-51 की टीम विजेता रही, जबकि कबड्डी बालक वर्ग में नोएडा की टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
जूनियर वर्ग में भारोत्तोलन के 67 किलोग्राम वर्ग में लक्की और 55 किलोग्राम में भविष्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूडो के 57 किलोग्राम वर्ग में चारु कौशिक विजेता रहीं। 100 मीटर दौड़ में मानव, गोला फेंक में अंकुश सिंह, लंबी कूद में राधिका, भाला फेंक में अवनी भाटी तथा ऊंची कूद में रोहित ने पहला स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में नोएडा की टीम विजेता रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित