नोएडा , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश में सेक्टर-30 स्थित स्नातकोत्तर संस्थान (पीजीआई) परिसर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना सूचना मिलते ही सेक्टर 20 थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक की पहचान अवधेश कुमार (19 ) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के ग्राम भिनगा का निवासी था। वह पीजीआई में लैब टेक्नीशियन के रूप में प्रशिक्षु के तौर पर कार्यरत था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने पंखे से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है।

घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित