नोएडा , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 66 मामूरा इलाके में एक युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने यह जानकारी शनिवार को दी।
पुलिस ने बताया कि गत 21 फरवरी को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि सेक्टर 66 निवासी अंशिता (19) ने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थाना फेस तृतीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के छह दिन बाद, 27 फरवरी को मृतका के परिजनों ने फेस तृतीय थाना में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं और बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने नामजद आरोपी ग्यासी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवती को ब्लैकमेल किए जाने या किसी आपत्तिजनक वीडियो के साक्ष्य नहीं मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मुकदमे में नामजद दोनों युवक और मृतका पहले से एक-दूसरे के परिचित थे।
फेस तृतीय थाना पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित