लखनऊ , फरवरी 14 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक 11.56 किलोमीटर लंबे एक्सटेंशन कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। इस एलिवेटेड कॉरिडोर में आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके शुरू होने पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 61.62 किलोमीटर हो जाएगी।
यह नया कॉरिडोर सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक जाएगा, जहां दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को दिल्ली, एयरपोर्ट, प्रमुख रेलवे स्टेशनों और अन्य ट्रांजिट हब तक सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिल सकेगी। परी चौक से बॉटनिकल गार्डन तक यात्रा समय में भी कमी आने की उम्मीद है।
परियोजना को योगी आदित्यनाथ सरकार की शहरी कनेक्टिविटी और निवेश प्रोत्साहन रणनीति के महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इससे औद्योगिक, व्यावसायिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंच बेहतर होगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
मेट्रो विस्तार से सड़क यातायात का दबाव कम होने, ट्रैफिक जाम में कमी आने और ईंधन की बचत होने की संभावना है। साथ ही पर्यावरणीय दृष्टि से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे जीवाश्म ईंधन आधारित परिवहन पर निर्भरता घटेगी और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित