नोएडा , जून 21 -- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की पुनर्परीक्षा रविवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुल 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

इस परीक्षा में ग्यारह हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि, नोएडा में पांच, सेंट्रल नोएडा में ग्यारह और ग्रेटर नोएडा में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू रहेगी। इसके तहत केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ जुटाने, प्रदर्शन करने या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने पर रोक रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के मद्देनजर मेट्रो स्टेशनों, बस स्टैंडों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी सक्रिय रहेगी, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अधिकारियों ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित