नोएडा , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के नोएडा में गुरुवार को 12 बारह निजी विद्यालयों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके कारण अफरा-तफरी मच गयी।

सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नोएडा,सेंट्रल नोएडा, ग्रेटर नोएडा सहित तीनों जोन के सभी विद्यालयों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के विभिन्न विद्यालयों को एक ही तरह का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता, एंटी-सबोटाज चेक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर भेजा गया। पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि गत माह जनवरी 23 तारीख को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था, जिसके बाद जांच की गई थी। ताजा मामले में भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित