नोएडा , मार्च 08 -- ंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-137 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में फेलिक्स अस्पताल की ओर से 'नारी शक्ति महोत्सव' का आयोजन किया गया। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं, युवाओं और परिवारों ने भाग लिया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम का आयोजन मिशन शक्ति अभियान के सहयोग से किया गया, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस और प्रतिभा प्रदर्शन से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह एथनिक वॉक से हुई, जो सेक्टर-137 स्थित फेलिक्स हॉस्पिटल से शुरू होकर बायोडायवर्सिटी पार्क तक पहुंची। गुलाबी एथनिक ड्रेस कोड में शामिल हजारों महिलाओं ने उत्साह के साथ इस वॉक में भाग लिया और महिला एकता तथा सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष माननीय रक्षा मंत्री के निजी सचिव (आईएएस) अमित किशोर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण आज के समय की सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक जरूरत है। महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रही हैं। ऐसे आयोजन न केवल महिलाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और समानता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और फेलिक्स हॉस्पिटल की टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ (आईएएस) वंदना त्रिपाठी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी समाज का संतुलित विकास संभव नहीं है। आज महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, खेल और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और समाज में उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि और गौतमबुद्ध नगर पुलिस की एडिशनल डीसीपी एवं स्टाफ ऑफिसर (आईपीएस) ट्विंकल जैन ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार संवेदनशील और सक्रिय है और मिशन शक्ति जैसे अभियान महिलाओं को जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार और समाज की शक्ति नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और सम्मान की भी मजबूत आधारशिला हैं। अवसर और विश्वास मिलने पर महिलाएं किसी भी चुनौती का सामना साहस और क्षमता के साथ कर सकती हैं।
इस अवसर पर शिक्षा, मीडिया और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें अंकिता राज, सीमा गुप्ता, स्नेहा राय, प्रमिला दीक्षित, सुचेरिता कुकरेती, एलीना दयाल, सुप्रिया द्विवेदी, नेहा रघुवंशी और डॉ. रचना राय सहित कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।
फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना भी है। वहीं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच देना था, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित