ग्रेटर नोएडा , मई 11 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में स्कूटी से टक्कर लगने के बाद शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
घटना 10 मई की बताई जा रही है, जहां दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक विवाद स्कूटी की टक्कर को लेकर हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ समय बाद दोनों पक्षों के लोग फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोबारा कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। साथ ही दोनों पक्षों से दो- दो लोगों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई है। मामले में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच भी की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित