नोएडा , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश में जनसुविधा को बेहतर बनाने और शहरवासियों को कम किराये में सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में सिटी ई-बस सेवा को आमजन के लिए निर्धारित पांच रूट मार्ग पर संचालित हैं। 15 जून से इन क्षेत्रों में कुल 100 ई-बसों का संचालन कम किराया दरों पर शुरू किया गया था। इनमें 50 बसें नोएडा, 25 बसें ग्रेटर नोएडा और 25 बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित की जा रही हैं।प्राधिकरण सूचना अधिकारी द्वारा गुरुवार को जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि,नोएडा क्षेत्र में वर्तमान में 50 ई-बसों का संचालन पांच प्रमुख रूटों पर किया जा रहा है, शुरुआत के बाद से ई-बसों को लेकर यात्रियों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही है और बस सेवा की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है।

ई-बस सेवा की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा यात्रियों की संख्या से लगाया जा सकता है। जुलाई माह में करीब 1.50 लाख यात्रियों ने ई-बसों से सफर किया था, जबकि अगस्त में यह संख्या बढ़कर करीब 3.40 लाख पहुंच गई। यानी महज एक महीने में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही बस संचालन से प्राप्त राजस्व में भी करीब दोगुनी वृद्धि हुई है।

शहरवासियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की ओर से लगातार ई-बसों की संख्या बढ़ाने तथा नए रूट शुरू करने की मांग की जा रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और जन मांग को देखते हुए 25 अतिरिक्त ई-बसों को शीघ्र ही वर्तमान बेड़े में शामिल किए जाने का प्रस्ताव है।

परिवहन अधिकारियों के निर्देशन में नए बस रूट निर्धारित करने के लिए सर्वे का कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ऐसे गांवों, सेक्टरों और प्रमुख क्षेत्रों को ई-बस सेवा से जोड़ना है, जहां वर्तमान में सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है। सर्वे के आधार पर यात्रियों की जरूरत और आवागमन को ध्यान में रखते हुए नए रूट विकसित किए जाएंगे।

ई-बस सेवा को और अधिक जनोपयोगी बनाने के लिए यात्रियों से शिकायत और सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2877 जारी किया गया है। आमजन इस नंबर पर ई-बस सेवा से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत, समस्या अथवा सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

नोएडा क्षेत्र में पांच रूटों पर चल रही हैं ई-बसेंरूट नंबर-1: बॉटेनिकल गार्डन से परी चौकइस रूट की बसें बॉटेनिकल गार्डन से चलकर गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, होशियारपुर, सेक्टर-51, पर्थला, गौर चौक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (एक मूर्ति गोलचक्कर) और सूरजपुर कलेक्ट्रेट होते हुए परी चौक, ग्रेटर नोएडा तक जाती हैं।

रूट नंबर-2: बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्टइस रूट पर बॉटेनिकल गार्डन से बसें सेक्टर-44 छलेरा, एमिटी स्कूल, एक्सप्रेसवे, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर और खूपुरा होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक संचालित की जा रही हैं।

रूट नंबर-3: बॉटेनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेटइस रूट पर बसें बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-37 अंडरपास, छलेरा, अगाहपुर, बरौला, सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-75 मेट्रो स्टेशन, नॉर्थआई चौक, सेक्टर-116, सेक्टर-78, सैमसंग फेस-2, फूल मंडी और कुलेसरा होते हुए सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक जाती हैं।

रूट नंबर-4: बॉटेनिकल गार्डन से नया बस अड्डा, गाजियाबादइस रूट पर बॉटेनिकल गार्डन से गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, सेक्टर-52, साईं मंदिर सेक्टर-61, सेक्टर-62, प्रताप विहार गाजियाबाद और RRTS स्टेशन गाजियाबाद होते हुए नया बस अड्डा गाजियाबाद तक ई-बस सेवा उपलब्ध है।

रूट नंबर-5: बॉटेनिकल गार्डन से आनंद विहार बस स्टेशनइस रूट की बसें बॉटेनिकल गार्डन से अक्षरधाम, कौशांबी सेक्टर-16 और नोएडा प्रवेश गेट सेक्टर-14ए होते हुए बस स्टेशन आनंद विहार तक संचालित हो रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित